दुबई में फंसी रांची की बेटी: माँ ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मांगी वतन वापसी की मदद

रांची की बेटी को दुबई में बनाया बंधक: नौकरी के नाम पर ठगी, पासपोर्ट जब्त कर कराया जा रहा घरेलू काम; माँ ने विदेश मंत्रालय से लगाई गुहार

रांची: राजधानी रांची के छोटा घाघरा की रहने वाली मोनिका को दुबई में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता को अच्छे वेतन और सुविधाओं का झांसा देकर यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) भेजा गया था, लेकिन वहाँ पहुँचते ही उसका पासपोर्ट ज़ब्त कर लिया गया और ज़बरदस्ती घरेलू काम कराया जा रहा है। मामले को लेकर पीड़िता की माँ रतना कच्छप ने रांची के एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, साथ ही विदेश मंत्रालय से अपनी बेटी की सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है।

नौकरी के नाम पर ठगी और ऑनलाइन पैसे की वसूली

प्राथमिकी के अनुसार, मोनिका का संपर्क ‘एएमडी ट्रेंड सॉल्युशन’ (AMD Trend Solutions) नाम की एजेंसी के एजेंटों से ऑनलाइन हुआ था। एजेंसी ने उसे विदेश में नौकरी, रहने और खाने की सुविधा देने का वादा किया। झांसे में आकर मोनिका ने 22 अप्रैल को एजेंट प्रियंका को 15 हजार रुपये भेजे। इसके बाद टिकट के नाम पर बाकी रकम ऐंठ ली गई। 5 मई को मोनिका दिल्ली एयरपोर्ट से शारजाह पहुँची, जहाँ पहुँचते ही ड्राइवर ने उसका पासपोर्ट अपने क़ब्ज़े में ले लिया।

अरबी दस्तावेज़ों पर जबरन दस्तखत और लोन का झूठा दबाव

अगले दिन मोनिका को अजमान स्थित एक दफ़्तर ले जाया गया। आरोप है कि रितेश और मोहम्मद मेराज अंसारी नाम के व्यक्तियों ने दबाव बनाकर उससे अरबी भाषा के कागजात पर दस्तखत और अंगूठे के निशान ले लिए। उसका मोबाइल छीन लिया गया और वॉट्सऐप की तमाम चैट डिलीट कर दी गईं। इसके बाद फर्जी लोन का हवाला देते हुए उस पर 12,600 दिरहम चुकाने का दबाव बनाया गया और पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी दी गई।

बिना वर्क परमिट के अलग-अलग घरों में कराया काम

22 जून को मोनिका को बिना किसी वर्क परमिट के एक घर में बुजुर्ग की देखभाल के लिए भेज दिया गया। भाषा समझ न आने के कारण उसे वापस दफ़्तर लाया गया, जिसके बाद 1 जुलाई और 16 जुलाई को उसे फिर से अलग-अलग घरों में झाड़ू-पोछा, बर्तन और वॉशरूम साफ करने जैसे काम में झोंक दिया गया। इस दौरान वहाँ उसके साथ मारपीट और मानसिक रूप से उत्पीड़न किया गया।

भारत लौटने के बदले मांगी मोटी रकम

जब मोनिका ने अपनी माँ की बीमारी का हवाला देकर भारत वापस जाने की बात कही, तो आरोपी मोहम्मद मेराज अंसारी ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने साफ़ कह दिया कि जब तक कंपनी के खाते में मोटी रकम जमा नहीं की जाएगी, उसे भारत नहीं जाने दिया जाएगा।

पीड़िता की माँ ने प्रियंका, रितेश, मोहम्मद मेराज अंसारी और एएमडी ट्रेंड के मैनेजर के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप कर बेटी की सुरक्षित रिहाई की माँग की है।

Other Latest News

Leave a Comment