Raebareli: सलोन क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी एवं समाजवादी पार्टी के बूथ प्रभारी रहे शशिधर यादव की हत्या के बाद उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया। परिवार के मुखिया की मौत से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती भी सामने आ गई।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अखिलेश माही ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए पहल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शशिधर यादव के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

अखिलेश माही के अनुरोध पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को लखनऊ बुलाया। यहां उन्होंने पार्टी की ओर से परिवार को 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही परिवार को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
परिवार के मुखिया के निधन के बाद आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे परिजनों के लिए पार्टी की ओर से मिली सहायता तत्काल राहत का माध्यम बनी। मृतक की पत्नी प्रेमलता, पुत्र अनुज और पुत्री सारिका ने सहायता के लिए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया।
वहीं, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए पहल करने पर वरिष्ठ सपा नेता अखिलेश माही का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके प्रयास की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
परिजनों का कहना है कि कठिन समय में मिली आर्थिक मदद से उन्हें कुछ राहत मिली है। सपा नेताओं ने भी परिवार के साथ खड़े रहने और भविष्य में जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा जताया।










