Amethi: मनोहर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों पर उठे सवाल, प्रधान और पति पर वित्तीय अनियमितता के आरोप

जिलाधिकारी शशांक चौधरी तक पहुंची शिकायत, नाली-खड़ंजे से लेकर सड़क और पंचायत भवन तक के कार्यों की जांच की मांग; जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

Amethi: योगी सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के दावों के बीच तिलोई विधानसभा क्षेत्र के मनोहर गांव की ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीण युवक मोहम्मद सफीक ने ग्राम प्रधान साफिया बानो और उनके पति अमीन पर ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी से शिकायत की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए मिलने वाली सरकारी धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग नहीं किया गया। नाली-खड़ंजा, नाला निर्माण, शौचालय,पंचायत घर,पक्की सड़क तथा मिट्टी पटाई समेत कई कार्यों में अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कई कार्यों में अभिलेखों में खर्च दिखाया गया, जबकि मौके पर कार्य की गुणवत्ता और स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।मोहम्मद सफीक का दावा है कि ग्राम प्रधान और उनके पति के खिलाफ विकास कार्यों में अनियमितता को लेकर पहले भी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आरोपों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला अब जिलाधिकारी के दरबार तक पहुंच गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पंचायत में पिछले तीन पंचवर्षीय कार्यकाल से विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि ग्राम पंचायत में पिछले वर्षों के दौरान कराए गए सभी विकास कार्यों,भुगतान, माप पुस्तिकाओं और संबंधित अभिलेखों की गहन जांच कराई जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।शिकायत की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। अब निगाहें जांच पर टिकी हैं कि शिकायत में लगाए गए करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों में कितनी सच्चाई है और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Other Latest News

Leave a Comment