Lucknow: कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपनी जनता पार्टी ने उठाई आवाज, डीजीपी को सौंपा ज्ञापन

Lucknow: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के मुद्दे को लेकर अपनी जनता पार्टी ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के निर्देश पर प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को ज्ञापन देने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।

पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य को कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी को ज्ञापन सौंपना था। हालांकि, पुलिस मुख्यालय जाने से पहले ही प्रशासन ने उन्हें उनके आवास पर रोक दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में डीजीपी के प्रतिनिधि को उनके आवास पर ही ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस-प्रशासन को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

अपनी जनता पार्टी ने कहा कि जनता की सुरक्षा, न्याय और कानून के राज के मुद्दे पर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। पार्टी का कहना है कि शोषित, वंचित और पीड़ित वर्ग की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। पार्टी नेताओं ने प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को आवास पर रोके जाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि जनहित के मुद्दों को उठाने से उनकी आवाज दबने वाली नहीं है।

Other Latest News

Leave a Comment