Raebareli: रायबरेली कोतवाली नगर क्षेत्र के सुपर मार्केट से डिग्री कॉलेज चौराहे तक चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने रविवार को रायबरेली में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से डिग्री कॉलेज चौराहे तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद शहीद चौक पर धरना देकर चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारियों ने पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

धरने को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव ने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की। वहीं, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने भी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।

सपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं। यदि मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश दिखाई दिया। पुलिस-प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन पुतला फूंकने को लेकर हुए विवाद से कुछ देर के लिए मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।










