Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। टिको गांव स्थित एक डेयरी फार्म पर गुरुवार की रात राम उरांव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
कई सालों से चल रहा था जमीन का विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव निवासी राम उरांव का ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के एडरा गांव निवासी कारु सिंह (पिता परसन सिंह) के साथ पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश ने गुरुवार की रात हिंसक रूप ले लिया और राम उरांव को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डेयरी फार्म पर पहुंचकर पूछी राम उरांव के आने की जानकारी
बताया जाता है कि घटना वाली रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव स्थित बालचन्द महतो के डेयरी फार्म पहुंचा। वहां उसने डेयरी संचालक से राम उरांव के आने का समय पूछा। कुछ देर बाद जैसे ही राम उरांव डेयरी फार्म पहुंचे, आरोपी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया।
छह आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान आपसी विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
फरार तीन आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस बाकी तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जमीन विवाद में हुई इस हत्या के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।










