Raebareli: सलोन तहसील परिसर में अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शनिवार की रात करीब 9:20 बजे अधिवक्ता नागमणि जोशी पर आधा दर्जन लोगों द्वारा लाठी-डंडों और बेल्ट से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। हमले में अधिवक्ता के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रायबरेली में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे दो दिन पुरानी पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है। आरोप है कि दो दिन पहले अधिवक्ता नागमणि जोशी ने एक युवक के साथ तहसील परिसर में मारपीट की थी। इस मामले में अन्य अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता करा दिया गया था। हालांकि, इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और शनिवार की रात युवक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर अधिवक्ता को निशाना बना लिया।

पीड़ित के मुताबिक, वह शनिवार रात अपने काम से तहसील की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
रविवार, 1 नवंबर को जिला अस्पताल में घायल अधिवक्ता के भाई ने मीडिया को बयान देते हुए आरोप लगाया कि हमलावर बेहद खतरनाक हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में छह नामजद और आठ अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल सलोन पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई करती है।










