Raebareli: दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर जिले में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 86.5 किलोग्राम आतिशबाजी सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार, 2 नवंबर की रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के इंकलाब होटल के पास ताज होटल गली में निसाद अख्तर और मोहम्मद जरार अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। वहीं चकबीकापुर में अमन नामक व्यक्ति भी बिना लाइसेंस आतिशबाजी का सामान बेच रहा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान निसाद अख्तर और मोहम्मद जरार के कब्जे से 44.5 किलोग्राम, जबकि अमन के पास से 42 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। कुल बरामद 86.5 किलोग्राम आतिशबाजी सामग्री में विभिन्न प्रकार के फैक्ट्री निर्मित पटाखे शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान पटाखों की अवैध बिक्री और असुरक्षित भंडारण से आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










