Amethi: 20 साल से बंद फाटक, राहुल गांधी तक पहुंची ग्रामीणों की आवाज, वायरल वीडियो ने उठाए सवाल

Amethi: जनपद अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के इन्हौना इलाके में करीब दो दशक से बंद पड़े एक फाटक को खुलवाने की मांग अब सियासी गलियारों तक पहुंच गई है। बीते दिनों रायबरेली सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान इन्हौना क्षेत्र के ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर अपनी वर्षों पुरानी समस्या सामने रखी। ग्रामीणों ने राहुल गांधी से बंद फाटक खुलवाने की मांग करते हुए कहा कि 20 साल से समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों ने आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया।

बताया जा रहा है कि अमेठी के मोजा आजादपुर, ग्राम जमालपुर सहित आसपास के ग्रामीणों के आवागमन से जुड़ा यह फाटक करीब 20 वर्षों से बंद है। ग्रामीणों का कहना है कि फाटक बंद होने से उन्हें आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है और रोजमर्रा के कामों के लिए उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वर्षों से स्थानीय स्तर पर समस्या उठाए जाने के बावजूद समाधान न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान इन्हौना क्षेत्र के दर्जनों लोग उनके पास पहुंचे और अपनी समस्या बताते हुए फाटक खुलवाने की मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों और राहुल गांधी के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण अपनी 20 साल पुरानी परेशानी बताते हुए बंद फाटक को दोबारा खोलने की मांग करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है कि आखिर दो दशक से ग्रामीणों की आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद समाधान क्यों नहीं हुआ? सवाल यह भी है कि यदि यह फाटक ग्रामीणों के आवागमन के लिए इतना महत्वपूर्ण है तो इसे इतने लंबे समय तक बंद रखने के पीछे क्या कारण है और इसे खोलने की दिशा में अब तक क्या कार्रवाई हुई?

ग्रामीणों की राहुल गांधी से सीधे गुहार ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वर्षों से बंद इस फाटक को लेकर प्रशासन कब गंभीरता दिखाता है और ग्रामीणों की 20 साल पुरानी मांग का समाधान कब होता है।

Other Latest News

Leave a Comment