Raebareli: आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान (Seva Sankalp Abhiyan) को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों, विभागीय कार्ययोजना और जनसहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप गंभीरता और पूरी प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय की जाएं, ताकि अभियान के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान (Seva Sankalp Abhiyan) का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2027 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन को सरल तरीके से उपलब्ध कराई जाए। पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभागवार कार्ययोजना, योजनाओं के प्रचार-प्रसार, लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में सलोन विधायक अशोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।










