Amethi: जनपद अमेठी में रविवार को वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान का शुभारंभ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं शिक्षा राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तिलोई तहसील के विकासखंड सुंदरिया माहिया वन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह मां जीवन देती है, उसी तरह पेड़ भी मानव जीवन का आधार हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए।

राज्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है, लेकिन आम जनमानस को भी इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल सरकार के भरोसे पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। यदि प्रत्येक नागरिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिस गति से पेड़ों की कटाई हो रही है, यदि उसी अनुपात में लोग पौधे लगाने लगें तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखना आसान होगा। वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम भी हैं।कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने स्कूली बच्चों को पौधे वितरित किए और उन्हें अपने घर, विद्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा और सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने का संदेश दिया।










