बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मंगलवार को अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य की विधिवत शुरुआत की गई। इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। लंबे समय से जर्जर स्थिति में चल रहे इस अस्पताल के नवीनीकरण से अब स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
मरम्मत कार्य में शामिल होंगे कई महत्वपूर्ण बदलाव
अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य में व्यापक स्तर पर सुधार किए जाएंगे। इसमें न केवल भवन की मरम्मत बल्कि अंदरूनी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा। प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं:

- भवन की रंगाई-पुताई
- बिजली और पानी की नई व्यवस्था
- फर्श और दीवारों की मरम्मत
- शौचालय और बाथरूम का नवीनीकरण
- पुराने फर्नीचर की मरम्मत और बदलाव
यह कार्य सिद्धि नाथ सिंह कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा है, जिसे तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मरीजों और स्टाफ को मिलेगा सीधा लाभ
परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरीया ने बताया कि अस्पताल की हालत काफी खराब हो चुकी थी, जिससे डॉक्टरों, नर्सों और मरीजों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई जरूरी सुविधाओं के अभाव में इलाज की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही थी। अब जीर्णोद्धार के बाद इन समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और अस्पताल पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक बन जाएगा।
स्थानीय लोगों के मिलेगा सीधा लाभ
डीवीसी अस्पताल बोकारो थर्मल और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बेहतर होने से हजारों लोगों को सीधे मिलेगा लाभ। खासकर आपातकालीन सेवाओं और सामान्य उपचार के लिए अब लोगों को बाहर जाने की जरूरत कम पड़ेगी। यह पहल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस अवसर पर एसपीएम पार्थ सारथी मुखर्जी, डीजीएम चिकित्सा डॉ एसके झा, डॉ संजय कुमार, डॉ संगीता रानी, डीवीसी सीएसआर के वरीय प्रबंधक मनीष चौधरी, अधीक्षण अभियंता सिविल मो सरफराज शेख, सुरक्षा अधिकारी एके चौबे, सूरज तिवारी, रंगनाथ चौबे, राजेश दुबे, राजेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।










