जनगणना 2027 के पहले चरण को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को डीपीआरसी भवन सभागार में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से जुड़े फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जनगणना कार्य बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एप के माध्यम से की जाएगी। डेटा एंट्री के साथ ही जानकारी पोर्टल पर दिखाई देगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी, लेकिन त्रुटियों से बचने के लिए विशेष सतर्कता भी आवश्यक है।

उपायुक्त ने सभी फील्ड ट्रेनरों और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से अपील की कि वे पूरी एकाग्रता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकान सूचीकरण, डेटा एंट्री प्रक्रिया, एप के उपयोग और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे जमीनी स्तर पर कार्य को सुचारू रूप से संचालित कर सकें।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक खलको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।










