Eye Camp Organised In Amba : दीक्षांत चैरिटेबल एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में ग्राम पंचायत भवन आंबा में एक विशाल निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नेत्र रोगों से मुक्ति पाने का लाभ उठाया।
शिविर में 100 से अधिक मरीजों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई। इसमें 12 गंभीर मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए रायबरेली रेफर किया गया, जिनका ऑपरेशन भी पूरी तरह निःशुल्क होगा। वहीं 30-40 मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार चश्मे वितरित किए गए तथा शेष सभी मरीजों को निःशुल्क आई ड्रॉप्स प्रदान की गईं। ट्रस्ट की ओर से सभी दवाइयां एवं सेवाएं पूरी तरह मुफ्त दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉक्टर रहमान का भव्य स्वागत किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर तथा फूल-मालाओं से लादकर हार्दिक अभिनंदन किया।
शिविर के सफल संचालन में रोहित ठेकेदार, दिनेश सिंह, शिवरतन सिंह, बाल्हेश्वर वर्मा, सुरेन्द्र सिंह लोधी, सत्यम पटेल, विशाल गौतम, राज गौतम सहित तमाम कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित बुजुर्गों को माला पहनाकर तथा सम्मान पत्र देकर अभिनंदन किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष कवि प्रीतम कुमार ने सभी आगंतुकों, चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा ही हमारा धर्म है और आगे भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित होते रहेंगे। ग्रामीणों ने इस नेत्र शिविर को आशीर्वाद की संज्ञा देते हुए ट्रस्ट एवं सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।










