Mann Ki Baat 129th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 129वें एपिसोड में देश को संबोधित करते हुए वर्ष 2025 की उपलब्धियों और आने वाले साल 2026 की चुनौतियों व संभावनाओं पर विस्तार से बात की। यह इस साल का आखिरी एपिसोड था, इसलिए पीएम मोदी का संबोधन आत्ममंथन और भविष्य की दिशा- दोनों का प्रतिबिंब दिखा। राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और पर्यावरण जैसे विषयों को छूते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 ने हर भारतीय को गर्व के कई पल दिए। खास तौर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे देश की आत्मशक्ति का प्रतीक बताया। आखिर पीएम मोदी ने किन उपलब्धियों को सबसे अहम माना और 2026 को लेकर क्या संदेश दिया चलिए जानते हैं…
उपलब्धियों से भरा एक यादगार साल/Mann Ki Baat 129th Episode
अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि कुछ ही दिनों में वर्ष 2026 दस्तक देने वाला है और मन में पूरे साल की यादें घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि 2025 ने देश को कई ऐसे क्षण दिए, जिन्होंने भारत को एक सूत्र में बांध दिया। देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर वैश्विक मंचों तक भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक के सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं। उनका संदेश साफ था—भारत अब केवल संभावनाओं का देश नहीं, बल्कि उपलब्धियों का सशक्त उदाहरण बन चुका है।

राष्ट्रीय सुरक्षा का मजबूत संदेश
प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा कि आज का भारत (India) अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। ऑपरेशन के दौरान देश-विदेश से भारत माता के प्रति प्रेम और समर्थन की तस्वीरें सामने आईं। पीएम मोदी ने इस भावना को ‘वंदे मातरम’ (Vande Mataram) के 150 वर्ष पूरे होने से जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति की यह चेतना भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उनके मुताबिक, जब देश एकजुट होता है, तो भारत को कोई चुनौती कमजोर नहीं कर सकती।
खेल, विज्ञान और अंतरिक्ष में भारत की छलांग
‘मन की बात’ में पीएम मोदी (PM Narendra Modi) ने खेलों में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (ICC Champions Trophy) जीती, जबकि महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया। विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप जीतकर भारत की बेटियों ने इतिहास रचा। इसके साथ ही एशिया कप टी-20 (Asia Cup T20) में भी तिरंगा शान से लहराया। विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) के इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (International Space Station) पहुंचने को उन्होंने देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
2026 की बड़ी चुनौतियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने 2026 को लेकर आशावादी संदेश देते हुए कहा कि भारत के पास सुरक्षा और विकास—दोनों को संतुलित करने की पर्याप्त शक्ति है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि 2025 में शुरू की गई कई पहलें भविष्य को सुरक्षित बनाएंगी। भारत में चीतों (Cheetahs) की संख्या 30 से अधिक होना इसका उदाहरण है। पीएम मोदी ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ (Viksit Bharat) की सबसे बड़ी ताकत देश का युवा वर्ग है। उनका संदेश स्पष्ट था—2026 नई चुनौतियां लाएगा, लेकिन भारत उनसे भी मजबूती से निपटेगा।










