BTPS बोकारो में राजभाषा तिमाही बैठक, हिंदी में कार्य बढ़ाने पर जोर

बोकारो थर्मल: बीटीपीएस (BTPS) बोकारो के तकनीकी भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में मंगलवार को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा के लिए तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया ने की।

बैठक में राजभाषा कार्यान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। तिमाही अवधि के दौरान हिंदी में किए गए कार्य, पत्राचार, नोटिंग-ड्राफ्टिंग तथा राजभाषा नीति के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा वर्ष भर में किए गए प्रयासों का आकलन भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर हिंदी में टिप्पण एवं आलेखन कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि कार्यालय के अधिकतम कार्य हिंदी में किए जाएं और राजभाषा के प्रयोग को और बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे हिंदी को अपनी कार्यशैली का अभिन्न अंग बनाएं तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

बैठक के अंत में राजभाषा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों की सराहना की गई और सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Other Latest News

Leave a Comment