Pankaj Chaudhary Becomes UP BJP President : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की सियासत में बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। लखनऊ (Lucknow) स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की मौजूदगी में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन से हुई, जिसने पूरे पार्टी दफ्तर को उत्साह से भर दिया। निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी (Bhupendra Chaudhary) ने पार्टी का झंडा सौंपकर उन्हें पदभार ग्रहण कराया। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस नियुक्ति को बीजेपी की अहम रणनीति माना जा रहा है।
लखनऊ में भव्य ऐलान, नेताओं की मौजूदगी

बीजेपी (BJP) प्रदेश कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath), केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) और ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद पंकज चौधरी मंच पर पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। धार्मिक प्रतीकों और पारंपरिक आयोजनों के साथ हुए इस कार्यक्रम को संगठनात्मक एकता का संदेश देने वाला बताया जा रहा है।
निर्विरोध चुने गए पंकज चौधरी
पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने शनिवार को यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। किसी अन्य नेता के नामांकन न करने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना तय था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्री उनके प्रस्तावक बने। अब उनके कंधों पर यूपी में संगठन को और मजबूत करने तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को फिर से बड़ी जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
ओबीसी राजनीति और कुर्मी समाज पर फोकस
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं। उनकी नियुक्ति को बीजेपी की ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। वे कुर्मी समुदाय से आने वाले यूपी बीजेपी के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनसे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह भी इसी समाज से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यूपी से बीजेपी राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्य निर्वाचित

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही उत्तर प्रदेश से बीजेपी राष्ट्रीय परिषद (BJP National Council) के 120 सदस्यों का निर्वाचन भी पूरा हुआ। इनमें राजनाथ सिंह (Rajnath Singh), योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी (Smriti Irani), केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भूपेंद्र चौधरी और स्वतंत्र देव सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करते हैं, ऐसे में यूपी की भूमिका और मजबूत मानी जा रही है।
पार्षद से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर
पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद बनने से शुरू हुआ। उसी वर्ष वे डिप्टी मेयर बने। 1991 में महज 27 साल की उम्र में महराजगंज लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। उन्होंने 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में सात बार जीत दर्ज की। कुछ चुनावों में हार के बावजूद उन्होंने अपनी मजबूत जमीनी पकड़ बनाए रखी, जिसके चलते पार्टी ने उन्हें यूपी बीजेपी की कमान सौंपी है। ऐसे में आगामी पंचायत चुनाव और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पंकज चौधरी के लिए एक हम जिम्मेदारी के तौर पर सामने दिखाई दे रहे हैं, पंकज चौधरी क्या कमाल करके दिखाते हैं यह देखने वाली बात होगी ।










