Raebareli: रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र के त्रिपुला चौराहे पर सब्जी लेने गए पत्रकार के बेटे के साथ मारपीट, गाली-गलौज और नकदी छीनने का आरोप सामने आया है। पीड़ित पत्रकार राकेश कुमार द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, घटना 17 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पत्रकार का बेटा दुर्गेश कुमार, संजय उर्फ गोपी के साथ त्रिपुला चौराहे पर सब्जी लेने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद पीयूष यादव, प्रत्युष यादव, अरुण कुमार सिंह, सचिन विश्वकर्मा समेत तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बेल्ट और लात-घूंसों से दोनों के साथ मारपीट की गई।

पत्रकार ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की जेब में रखे 15 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए गए। शोर सुनकर राहगीर और आदर्श नामक व्यक्ति बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों पर काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर UP-32-QC-6695) से कुछ अज्ञात लोगों को बुलाने और अवैध असलहे लाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने दोबारा मारपीट करने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल दुर्गेश जब त्रिपुला चौकी पर सूचना देने पहुंचा तो आरोपियों के वहां से भाग जाने की बात कही गई है। पीड़ित का आरोप है कि थाने में सूचना देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
पत्रकार राकेश कुमार द्विवेदी ने एसपी से रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।










