रायबरेली: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर रेलवे स्टेशन के समीप डबल फाटक स्थित ईदगाह में अदा की गई नमाज को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिले की जिलाधिकारी शरनजीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने गुरुवार 28 मई 2026 को समय करीब 9:00 बजे ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नमाज के दौरान ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनहोनी की स्थिति उत्पन्न न हो सके। प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौजूद लोगों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर कुर्बानी नहीं देगा और न ही खुले में कुर्बानी के अवशेष फेंकेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।










