Raebareli: रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र के अहल गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के पास खेल रहे छह वर्षीय मासूम की बाथरूम की दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अहल गांव निवासी विमलेश का छह वर्षीय पुत्र विमान्श मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक घर के पास बने बाथरूम की जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में मासूम दब गया। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर किसी तरह मासूम को बाहर निकाला। परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डीह लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे का शव देखते ही मां शीबू दहाड़ें मारकर रोने लगी। वह बिलखते हुए कहती रही, “अबहिन त हमार लाल खेल रहज… ई का होइगवा…” बेटे के शव से लिपटकर विलाप करते-करते वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। परिजनों और महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला, लेकिन पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मासूम कुछ ही देर पहले तक हंसते-खेलते नजर आ रहा था, लेकिन एक पल में यह हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।










