Raebareli: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का रायबरेली में जोरदार स्वागत, अमेठी में अखिलेश पर साधा निशाना

51 किलो की माला पहनाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, आरजीआईपीटी में तीन छात्रावासों का किया उद्घाटन

Raebareli: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को अपने एकदिवसीय दौरे पर रायबरेली और अमेठी पहुंचे। लखनऊ से सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचने पर सारस चौराहा और डिघिया चौराहे पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला महामंत्री अमरेश मौर्य, जिला प्रतिनिधि राज नारायण मौर्य समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

रायबरेली के बाद उपमुख्यमंत्री अमेठी के तिलोई तहसील क्षेत्र स्थित बहादुरपुर ब्लॉक के राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) पहुंचे। यहां उन्होंने एससी बोस हॉस्टल, होमी भाभा हॉस्टल और विद्यासागर हॉस्टल का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद सभागार में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

उपमुख्यमंत्री ने जिले के 14 मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने लाभार्थियों के बीच बैठकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ली और उनसे संवाद किया।

अखिलेश यादव पर बोला हमला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर देना चाहिए। आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों का बोलबाला था, जिसे जनता देख चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि 2047 तक प्रदेश में अखिलेश यादव और केंद्र में कांग्रेस की सरकार नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय डबल इंजन की सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नारे ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का भी उल्लेख किया।

स्मृति ईरानी की हार को बताया अमेठी की चूक

उपमुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी हार अमेठी की चूक थी। उन्होंने कहा कि इस चूक के कारण अमेठी के विकास कार्यों पर थोड़ी ब्रेक लगी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में यह चूक खत्म होगी और भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। साथ ही परिवारवाद को समाप्त करने की बात कही।

दौरे के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री अपने करीबी मुबारकपुर मुखतिया गांव निवासी भागीरथी मौर्य के घर पहुंचे। यहां परिवार के लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने भागीरथी मौर्य के परिवार के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं से भी मुलाकात कर बातचीत की। इसके बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।

Other Latest News

Leave a Comment