रायबरेली जिले के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिला अस्पताल से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अपने बीमार बुजुर्ग पिता को पीठ पर लादकर अस्पताल के वार्डों में इलाज के लिए भटकता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में समय पर व्हीलचेयर उपलब्ध न होने के कारण बेटे को यह कदम उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के सोथी गांव निवासी एक युवक अपने बीमार पिता को इलाज के लिए सोमवार, 11 मई 2026 को करीब शाम 4 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में काफी तलाश करने के बावजूद उन्हें व्हीलचेयर नहीं मिली। मजबूर होकर युवक ने अपने पिता को पीठ पर उठाया और अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकता रहा।

अस्पताल परिसर का यह दृश्य वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं और दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इस वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में अक्सर मरीजों और तीमारदारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है। कभी स्ट्रेचर की कमी तो कभी डॉक्टरों की अनुपलब्धता को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में वायरल हुआ यह वीडियो स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सोशल मीडिया पर लोग स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










