रायबरेली: ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में मजदूरी करने गए एक श्रमिक का लकड़ी काटते समय कुल्हाड़ी से हाथ कट जाने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर आज दिनांक 19 जून 2026 दिन शुक्रवार को समय करीब 3:00 बजे एसपी ऑफिश पहुंचे पीड़ित परिवार का आरोप है कि घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसे काम पर ले जाने वाले दोनों व्यक्ति वहां से फरार हो गए और बाद में घायल के परिवार से कोई संपर्क नहीं किया। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे हुल्ला गांव निवासी पवन कुमार पुत्र रामकिशोर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी गांव के रहने वाले अमृतलाल और शैलेंद्र पवन कुमार को अपने घर लकड़ी काटने का काम कराने के लिए बुलाकर ले गए थे। इसी दौरान लकड़ी काटते समय कुल्हाड़ी फिसल गई, जिससे पवन कुमार का हाथ गंभीर रूप से कट गया।

घटना के बाद दोनों लोग घायल मजदूर को अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां भर्ती करा दिया, लेकिन कुछ समय बाद अस्पताल से चले गए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने न तो घायल मजदूर का हालचाल लिया और न ही उसके परिवार से कोई संपर्क किया। वहीं पवन कुमार का उपचार जारी है और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
घटना से परेशान परिजन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा घायल मजदूर को उचित सहायता दिलाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और उन्हें न्याय के साथ-साथ आर्थिक मदद की भी आवश्यकता है।
पीड़ित की पत्नी सुषमा ने बताया कि उनके पति मजदूरी करने गए थे, जहां काम के दौरान उनका हाथ कट गया। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद संबंधित लोग उन्हें छोड़कर चले गए और अब कोई मदद नहीं कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।










