रायबरेली के नगर कोतवाली क्षेत्र में आज दिनाँक 3 मई 2026 दिन रविवार को सुबह एक सड़क हादसा हो गया, जहां रोडवेज बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। यह घटना परशदेपुर मार्ग स्थित सम्राट नगर मोड़ के पास पेट्रोल टंकी के सामने सुबह करीब 10:00 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार रोडवेज बस ने अचानक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हालांकि हादसे में बाइक सवार को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस चालक को पकड़ लिया और स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल घायल व्यक्ति की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सम्राट नगर मोड़ पर अक्सर यातायात का दबाव रहता है, जिसके चलते यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस स्थान पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने की मांग की है।










