Raebareli: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को शहर के एक निजी विद्यालय के छात्र-छात्राएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। करीब दोपहर दो बजे बच्चों ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। एसपी ने भी बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनके विद्यालय, कक्षा तथा पढ़ाई से जुड़े विषयों के बारे में जानकारी ली।
बातचीत के दौरान एसपी ने बच्चों से उनके पसंदीदा और चयनित विषयों के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान समेत अन्य विषयों से जुड़े कुछ बुनियादी सवाल भी बच्चों से किए। बताया गया कि कई सवालों पर बच्चे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और कुछ सवालों के जवाब में उन्होंने ‘नो आइडिया’ कहकर प्रतिक्रिया दी।

एसपी ने बच्चों से सहज माहौल में संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक से सीधे बातचीत करने और उन्हें राखी बांधने को लेकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने कहा कि एक आईपीएस अधिकारी से मिलना और उनसे बातचीत करना उनके लिए गर्व और यादगार अनुभव है।
हालांकि, एसपी द्वारा विषयों से जुड़े सामान्य प्रश्न पूछे जाने के दौरान कुछ बच्चों के जवाब न दे पाने का मामला चर्चा का विषय बन गया। जिस स्तर पर बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, उस लिहाज से विज्ञान और अन्य विषयों की बुनियादी जानकारी को लेकर सवाल खड़े होना विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगाता है। यदि छात्र अपने पाठ्यक्रम से जुड़े सामान्य प्रश्नों का जवाब देने में असमर्थ हैं तो विद्यालय प्रबंधन को इस दिशा में आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के शिक्षक सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बच्चों की यह मुलाकात जहां सौहार्द और आत्मीयता का संदेश देती नजर आई, वहीं सवाल-जवाब के दौरान सामने आई स्थिति ने निजी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की बुनियादी विषयगत समझ को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।










