Raebareli News: गेहूं की मड़ाई करते समय थ्रेसर में फंसा युवती का दुपट्टा, मौके पर ही हो गई मौत

रायबरेली (Raebareli) जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेहूं मड़ाई के दौरान एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताते चलें कि थानाक्षेत्र के गुल्लू का पुरवा मजरे रामगांव में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक हृदयविदारक दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गेहूं की मड़ाई के दौरान 20 वर्षीय युवती आरती का दुपट्टा थ्रेसर मशीन में फंस गया, जिससे उसकी गले में कसावट आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका आरती पुत्री हनुमान, निवासी गुल्लू का पुरवा मजरे रामगांव, थाना शिवगढ़, अपने परिवार के सदस्यों के साथ खेत में गेहूं की मड़ाई का काम कर रही थी। परिवार वाले गेहूं को थ्रेसर मशीन से अलग कर रहे थे। इसी दौरान आरती के गले में लटक रहा दुपट्टा अचानक तेजी से घूम रही थ्रेसर की बेल्ट या हिस्से में फंस गया। पलक झपकते ही दुपट्टा मशीन में लिपटता चला गया और युवती के गले को बुरी तरह कस लिया।

परिवार के सदस्यों और आसपास मौजूद अन्य लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मातम का माहौल छा गया और रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल था।

सूचना पहुचीं शिवगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना थी, जिसमें सुरक्षा संबंधी लापरवाही भी एक कारण हो सकती है।

Other Latest News

Leave a Comment