कथारा में राकोमसं की बैठक, मजदूर हितों की रक्षा को लेकर हुंकार

बोकारो जिला के ऑफिसर्स क्लब कथारा में 8 अप्रैल 2026 बुधवार को इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (राकोमसं) की क्षेत्रीय समिति के आह्वान पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता बी.एन. पांडे ने की, जबकि संचालन योगेंद्र सोनार ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए इंडियन नेशनल माइंस फेडरेशन के केंद्रीय अध्यक्ष के.एन. त्रिपाठी ने कहा कि राजनीतिक दलों के नेता जनता के वोट से विधायक, सांसद और मंत्री बनते हैं, जबकि मजदूर नेता केवल श्रमिकों के हितों की राजनीति करता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा श्रमिक नेता संघर्षों की उपज होता है और वह निस्वार्थ भाव से मजदूरों की सेवा करता है।

त्रिपाठी ने प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ तानाशाही प्रवृत्ति के अधिकारी मजदूरों का शोषण करने और कमीशनखोरी में लिप्त हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने मजदूरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी में वे उन्हें बुला सकते हैं। राकोमसं के क्षेत्रीय सचिव वरुण कुमार सिंह ने कहा कि प्रबंधन लगातार मजदूरों की छंटनी में लगा हुआ है।

उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में अधिकारियों की बहाली तो हुई, लेकिन मजदूरों की संख्या में भारी कमी आई है। एक समय कोल इंडिया में करीब साढ़े चार लाख मजदूर थे, जो अब घटकर डेढ़ लाख के आसपास रह गए हैं, जबकि उत्पादन लक्ष्य कई गुना बढ़ा दिया गया है। उन्होंने प्रबंधन पर मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि कोयला उद्योग का राष्ट्रीयकरण कांग्रेस की देन है और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में 1969 एवं 1971-72 के चरणों में इसका राष्ट्रीयकरण हुआ था। कांग्रेस और राकोमसं कोयला उद्योग को बर्बाद नहीं होने देंगे। जरूरत पड़ने पर मजदूर प्रबंधन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।

राकोमसं के केंद्रीय उपाध्यक्ष तारापदो धीवर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सामंतवादी ताकतों के इशारे पर कोयला उद्योग सहित विभिन्न संवर्गों के अस्तित्व को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, जिसे रोकना आवश्यक है। बैठक को केंद्रीय अध्यक्ष अभय दुबे, महामंत्री ललन चौबे, सीसीएल क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एन. पांडे सहित सीसीएल के 13 कोयला क्षेत्रों से आए अध्यक्ष व सचिवों ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व कथारा क्षेत्र की ओर से मुख्य अतिथि के.एन. त्रिपाठी का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

मौके पर अशोक ओझा, वकील अंसारी, संजय सिंह, कुटु सिंह, किसून मंडल, बृजेश सिंह, हरेंद्र सिंह, राजीव सिंह, रिंटू सिंह, मनोज सिंह, अंजनी सिंह, सुबोध कुमार, कृष्णा हरि, शैलेंद्र मुखी, अशोक हाड़ी, कुंजेश्वर मंडल, परशुराम, संजय कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment