Raebareli News : स्थानीय कस्बे के कुछ होटल व्यवसायी एवं मिष्ठान विक्रेता अपने ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। विदित हो कि कस्बे के विभिन्न मार्गो सहित खास तौर पर लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ने वाले होटल एवं मिठाई के दुकानदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर NHAI द्वारा बनाए गए नाले पर ही अपने हैंडपंप लगा रखे हैं।
दुकानदार खुद तो आरो प्लांट के डिब्बे का पानी मंगा कर पीते हैं। परंतु अपनी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को इस नाले का पानी पिलाकर यह होटल व्यवसायी एवं मिष्ठान विक्रेता उनके स्वस्थ जीवन पर बुरा असर डाल रहे हैं।

आए दिन कई विभागों के अधिकारी इनके होटल एवं मिष्ठान की दुकानों पर रौनक बढ़ाते हुए नजर आते हैं, परंतु उनकी भी नजर होटल व्यवसाईयों के द्वारा ग्राहकों के स्वस्थ जीवन के साथ की जा रही इस घोर लापरवाही पर नहीं पड़ती है।
कहीं-कहीं तो हाल यह है कि होटल व्यवसाईयों ने अपनी हाईवे किनारे बड़ी होटल तो खोल रखी है परंतु उन्होंने बर्तन धोने की समुचित जगह नहीं बनाई। जिसके कारण होटल पर काम करने वाले कर्मचारियों को हाईवे मार्ग किनारे ही बर्तन धोना पड़ता है और उन बर्तनों का कचरा व गंदा पानी हाईवे पर ही भरा रहता है।
जिसकी जानकारी NHAI विभाग को भी है। परंतु वह हाथ पर हाथ क्यों धरे बैठा है, इसका उत्तर वही दे पाएगा। फिलहाल सवाल उठता है कि होटल व्यवसाईयों के द्वारा अपने ग्राहकों के स्वस्थ जीवन के साथ खिलवाड़ करने पर बरती जा रही घोर अनियमितता पर संबंधित विभाग कब तक कार्यवाही करता हुआ नजर आएगा?










