पीएम श्री स्कूल कुबना में चोरों ने लगाई सेंध, ढाई लाख की चोरी; डिजिटल उपकरण किए पार

रायबरेली: महाराज गंज कोतवाली क्षेत्र के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कुबना में चोरों ने विद्यालय का दरवाजा तोड़कर लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा ले गए घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बता दें कि थानाक्षेत्र कुबना गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने धावा बोलकर करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर कंप्यूटर, स्मार्ट टीवी बोर्ड, चार ब्लूटूथ सेट, एक साउंड सिस्टम और अन्य डिजिटल उपकरण पार कर दिए। क्षेत्र के स्कूलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्कूल प्रशासन और शिक्षकों में आक्रोश है।

यह घटना मंगलवार को सामने आई। पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कुबना की इंचार्ज प्रधानाध्यापक पूजा सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि जब वह अंबेडकर जयंती मनाने के लिए स्कूल पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि स्मार्ट क्लास के दरवाजे की कुंडी कटी हुई थी और अंदर का सारा सामान गायब था। उन्होंने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले भी विद्यालय से बिजली की केबल और अन्य सामान चोरी हो गए थे।

शिक्षिका पूजा सिंह ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। डायल पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पड़ताल शुरू की। यह पहली ऐसी घटना नहीं है। इससे पहले 23 फरवरी को भी विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कोटवा मोहम्मदाबाद से अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर स्मार्ट टीवी बोर्ड, कंप्यूटर और अन्य सामान चुरा लिए थे। उस मामले में आज तक कोई सुराग नहीं लगा है। उच्च प्राथमिक विद्यालय कोटवा मोहम्मदाबाद के प्रधानाध्यापक बिंदा प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि 23 फरवरी की चोरी के संबंध में पुलिस ने अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की है और न ही चोरों का पता लगा पाई है।

खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने इस संबंध में चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकास क्षेत्र के 24 परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब बनाए गए हैं। यदि इसी तरह चोरियों में सरकारी सामान जाता रहा, तो सरकार द्वारा डिजिटल संसाधनों और शिक्षा को बढ़ावा देने की मंशा अधूरी रह जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment