बोकारो थर्मल : केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में शुक्रवार को तरुणोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
विज्ञान शिक्षिका सोनिया कर्ण ने तरुणोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कार्यक्रम कक्षा दस के विद्यार्थियों को भविष्य में विषय एवं संकाय चयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान करता है। इसके बाद स्वाति मलिका कुजुर ने मूल्यांकन पद्धति एवं विज्ञान संकाय के चयन पर जानकारी दी, जबकि सना परवीन ने मानविकी विषयों एवं विद्यार्थियों की रुचि के महत्व को रेखांकित किया। बेला तिर्की ने पुस्तकालय विज्ञान में करियर की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

हिन्दी शिक्षक मोहम्मद इमरान ने सामाजिक दबाव, अभिभावकों की अपेक्षाएँ तथा विद्यार्थियों की अभिरुचि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार प्रस्तुत किए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न संकायों में उपलब्ध अवसरों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे आईआईटी, एनआईटी, नीट और क्लैट के बारे में जानकारी दी तथा परिश्रम के महत्व को बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद इमरान ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सोनिया कर्ण ने प्रस्तुत किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।










