विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने एक हजार करोड़ से क्षेत्र का विकास किया है -सुबोधकांत सहाय
बेरमो : फुसरो स्थित अवध बैंक्वेट हॉल मे बेरमो विधानसभा स्तरीय कांग्रेस जनसंवाद अभियान मे बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने इस दौरान कहा कि झारखंड में जल्द विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी को तेज कर दिया है। कांग्रेस पार्टी विधानसभा में बेहतर प्रत्याशी उतारने को लेकर जनसंवाद लक्ष्य कार्यक्रम कर आपसी एकता को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। एक एक विधानसभा से कई कांग्रेस नेता दावेदारी कर रहे हैं। यही दावेदारी कांग्रेस के लिये परेशानी का कारण भी बन रही है। “इस बार कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है, जहां भी लड़ेंगे, जीतेंगे।” बेरमो विधान से कुमार जयमंगल सिंह काफी मतों से चुनाव लडेंगे। भाजपा की गोगो दीदी योजना पर भी तंज कसा।उन्होने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर आग उगली।

उन्होंने कहा कि झारखंड में डेढ़ दशक से ज्यादा सत्तासीन रहने के दौरान भाजपा ने इस राज्य को खोखला कर दिया। झारखंड के जल, जंगल और जमीन को पूंजीपतियों के हवाले कर यहां के संसाधनों को लूटने का काम किया। हमारी महागठबंधन की सरकार ने राज्य की बेटियों को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना लाया। कहा कि झारखंड आकर भाजपा के नेता बांग्लादेशी घुसपैठ की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि ये लोग तब कहां थे, जब 18 वर्षों तक उनकी सरकार राज्य में थी। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि क्या भाजपा के लोग तब हड़िया पीकर सो रहे थे। कहा कि हमारी महागठबंधन की सरकार ने इतने सारे काम किए हैं कि हमें कोई नकारात्मक प्रचार करने की जरूरत नहीं है। उन्होने कहा कि आपका विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने एक हजार करोड से क्षेत्र का विकास किया है। प्रदेश के नेता अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं से लोगों को जोड़ रहे हैं। इस अवसर पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह सहित अनुपमा सिंह, महेंद्र कुमार विश्वकर्मा, आबिद हुसैन, छेदी नोनिया, राकेश कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, गणेश मल्लाह,उत्तम सिंह, परवेज अख्तर, जयराम सिंह, महफूज आलम,केदार सिंह,शिवनंदन चौहान, मुरारी सिंह,अशोक अग्रवाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।