भारतीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। महाराष्ट्र में एक ही चरण में होंगे मतदान और झारखंड में 2 चरणों में होंगे मतदान। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होंगे और झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को होंगे मतदान। दोनों विधानसभा चुनावों के नतीजे एक साथ 23 नवंबर को आएंगे।
महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों पर चुनाव होंगे और झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
महाराष्ट्र और झारखंड में मतदाताओं की संख्या
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में वोटर्स की संख्या बताई है। जहां महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे, वहीं झारखंड में वोटर को संख्या 2.6 करोड़ है।
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर मतदान
महाराष्ट्र में कुल 36 जिलों की 288 सीटों पर एक ही फेज में 20 नवंबर को मतदान होगा। यहां 234 सीटें सामान्य हैं और एसटी की 25 सीटें, एससी की 29 सीटें रिजर्व हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है।
महाराष्ट्र चुनाव में कुल मतदाता की संख्या
राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाताओं में से पुरुष मतदाता 4.97 करोड़ और महिला मतदाता 4.66 करोड़ हैं। वहीं युवा मतदाता 1.85 करोड़ हैं और पहली बार वोट डालने वालों की संख्या 20.13 लाख है, इनकी उम्र 18-19 साल के बीच है।
दिव्यांग मतदातओं की संख्या 6.36 लाख है। 100 की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 47,776 है। 85 साल और उसके ऊपर की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 12.43 लाख है, 6031 ट्रांस जेंडर मतदाता हैं।
महाराष्ट्र चुनाव के लिए कुल पोलिंग बूथ की संख्या
महाराष्ट्र चुनाव के लिए कुल पोलिंग बूथ की संख्या 1 लाख 186 हजार है, कुल लोकेशंस 52 हजार 789 हैं। शहर में 42 हजार 604 पोलिंग बूथ होंगे, ग्रामीण इलाकों में 57 हजार 582 पोलिंग बूथ होंगे। सभी बूथों पर औसत मतदाता 960 हैं, 299 बूथों को दिव्यांग लोग मैनेज करेंगे जबकि 388 बूथ महिलाएं प्रबंधित करेंगी. 530 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक चरणों में होंगे
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 22 अक्टूबर 2024 को जारी होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर 2024 होगी। इन नामांकनों की जांच-पड़ताल 30 अक्टूबर 2024 तक होगी। नाम वापस लेने की तारीख 4 नवंबर 2024 तक होगी। मतदान बुधवार, 20 नवंबर 2024 को होंगे, वोटों की गिनती 23 नवंबर 2024 को होगी।
झारखंड में कुल मतदाता की संख्या
झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटें है कुल 24 जिलों में हैं। इसमें सामान्य सीटें 44, एसटी सीट 28 और एससी सीट 9 हैं। झारखंड में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं, इसमें पुरुष मतदाता 1.31 करोड़, महिला मतदाता 1.29 करोड़ हैं। 18-19 साल के पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। 66.84 युवा मतदाता हैं, जिनकी उम्र 20 से 29 साल है।
यहां कुल दिव्यांग मतदाता 3.67 लाख है। 100 साल की उम्र वाले 1706 मतदाता हैं, थर्ड जेंडर मतदाता 448 हैं। 85 और उससे ऊपर वाले मतदाताओं की संख्या 1.14 लाख है।
झारखंड में कुल बनने वाले पोलिंग बूथों की संख्या
झारखंड कुल 29 हजार 562 पोलिंग बूथ होंगे, ये 20 हजार 281 जगहों पर मौजूद होंगे। शहरी इलाके में 5042 बूथ और ग्रामीण इलाकों में 24,520 बूथ बनाए जाएंगे। यहां हर बूथ औसतन 881 मतदाता होंगे। यहां 48 बूथों को दिव्यांग मैनेज करेंगे जबकि 1271 बूथ महिलाएं मैनेज करेंगी। यहां 139 बूथ युवा मैनेज करेंगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे
वहीं झारखंड में 18 अक्टूबर को पहले फेज की 43 सीटों के लिए नोटिफिकेशन जारी होगा, जबकि दूसरे फेज की 38 सीटों के लिए 22 अक्टूबर 2024 को जारी होगा। पहले फेज में नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर 2024 और दूसरे फेज के लिए 29 अक्टूबर 2024 है। पहले फेज के लिए 28 अक्टूबर और दूसरे फेज के लिए 30 अक्टूबर नामांकन पत्र की जांच पड़ताल होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2024 है।
झारखंड में कम सीटें फिर भी दो चरण में मतदान, बताई वजह
चुनाव आयोग ने कम सीटों वाले झारखंड में दो चरणों में मतदान कराने की घोषणा की है। आयोग ने कहा है कि झारखंड में नक्सलवाद समेत कई अन्य समस्याएं हैं इसीलिए यहां 2 चरणों में चुनाव कराए जायेंगे, ताकि चीजों को ठीक से संभाला जा सके।
वहीं इससे पहले चुनाव आयुक्त दोनों राज्यों में मतदान की तारीखों के ऐलान के लिए पहुंचे। उनके साथ दो डिप्टी चुनाव आयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।