Ramgarh: भू-माफियाओं के खिलाफ किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा का हल्लाबोल, डीसी कार्यालय के बाहर दिया धरना

800 एकड़ जंगल की जमीन समेत 8 प्रमुख स्थलों पर अवैध कब्जे का आरोप, SIT जांच और दोषियों पर FIR दर्ज करने की मांग

Ramgarh

Ramgarh: रामगढ़ जिले में सरकारी, गैर-मजरुआ, वन भूमि और धार्मिक स्थलों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और खरीद-बिक्री के खिलाफ किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को संगठन के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को विस्तृत मांग पत्र सौंपकर जिले में कथित तौर पर चल रहे भूमि कब्जे के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

अंचल और वन विभाग के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप

मोर्चा ने आरोप लगाया कि जिले में भू-माफियाओं का संगठित गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी और सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा कर रहा है। इस पूरे खेल में अंचल कार्यालय और वन विभाग के कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कथित मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया गया। संगठन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी संपत्ति के साथ आम जनता के सार्वजनिक अधिकारों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

800 एकड़ जंगल की जमीन पर कब्जे का मामला उठाया

मोर्चा के केंद्रीय संयोजक पंकज महतो ने कहा कि भू-माफिया फर्जी कागजात के सहारे जनता और प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से जिले के आठ प्रमुख स्थलों पर कथित अवैध कब्जे और अतिक्रमण के मामलों को प्रशासन के संज्ञान में लाया।

इनमें रांची रोड रउता स्थित लगभग 800 एकड़ जंगल की जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए भू-माफियाओं और उद्योगपतियों द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप प्रमुख है। इसके अलावा कुंदरू खुर्द स्थित राधा कृष्ण मठ की 17 एकड़ 18 डिसमिल जमीन पर फर्जी कागजात तैयार कर बाउंड्रीवाल बनाने और कब्जे का प्रयास किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।

तालाब से लेकर धार्मिक और सार्वजनिक जमीनों पर भी सवाल

मोर्चा ने झंडा चौक स्थित सार्वजनिक तालाब को मिट्टी डालकर भरने, झंडा चौक साईं मंदिर के समीप की केसर-ए-हिंद जमीन, लोहार टोला स्थित पारंपरिक होलिका दहन स्थल की भूमि और रामगढ़ शनिश्चरा हाट की जमीन पर कथित अतिक्रमण का आरोप लगाया।

इसके साथ ही बाजार समिति के पीछे स्थित सरकारी जमीन और रांची रोड मरार में दर्जनों एकड़ भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला भी ज्ञापन में शामिल किया गया है।

SIT गठित कर जांच और फर्जी दस्तावेज रद्द करने की मांग

संगठन ने उपायुक्त से मांग की है कि सभी आठ चिन्हित स्थलों की जांच के लिए जिला स्तर पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की जाए। टीम के माध्यम से जमीन की भौतिक स्थिति और सरकारी अभिलेखों की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।

मोर्चा ने कथित फर्जी दस्तावेजों, अवैध जमाबंदी और दाखिल-खारिज को रद्द करने तथा सरकारी, गैर-मजरुआ, वन भूमि और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी की। साथ ही पूरे मामले में संलिप्त भू-माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने के आरोपी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिह्नित कर प्राथमिकी दर्ज करने और कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई।

कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन

इस मौके पर रामकुमार कश्यप ने कहा कि जमीन की लूट और सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे के खिलाफ अब बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बहुत जल्द आंदोलन की रूपरेखा तैयार होगी और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा।

मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन जनहित और सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाता है, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

सैकड़ों लोग धरना-प्रदर्शन में हुए शामिल

धरना-प्रदर्शन में दीपक मिश्रा, विजय दुबे, कालेश्वर कुशवाहा, शिवदेव कुशवाहा, अमित गुप्ता, अमित पटेल, विनोद कुशवाहा, कालीचरण कुशवाहा, राजेश साव, गोवर्धन मुंडा, रोशन तिवारी, शशि मुंडा, रजूल अंसारी, दिनेश वर्मा, पंकज मालिक, रूबी देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी और पिंकी देवी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment