रायबरेली: विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर शिविर लगाकर नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए गए। अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिधौना के भाग संख्या 34 व 35, प्राथमिक विद्यालय चकपीराशाह के भाग संख्या 39 तथा प्राथमिक विद्यालय मंचितपुर के भाग संख्या 57 व 58 सहित कई मतदेय स्थलों पर पहुंचकर शिविरों की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने बीएलओ से पंजीकरण कार्यों की जानकारी ली और प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले सभी पात्र आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकार कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
डीएम ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान की निगरानी के लिए विधानसभा क्षेत्रवार जनपद स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी अपने निर्धारित बूथों का भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों, शिविरों की व्यवस्थाओं और प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम दर्ज न होने की स्थिति में बीएलओ से फॉर्म-6 प्राप्त कर आवेदन जमा करें। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने का आह्वान किया।










