रायबरेली जिले में पुलिस की तत्परता और सक्रियता का एक सराहनीय मामला सामने आया है। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बेला भेला से अचानक लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं को भदोखर थाना पुलिस ने दिनांक 28 नवंबर 2026 दिन शनिवार की रात करीब 11:00 बजे महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार और भदोखर पुलिस की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार, बेला भेला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली तीन नाबालिग छात्राएं अचानक विद्यालय से गायब हो गई थीं। छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों को बच्चियों की तलाश के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर भदोखर थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन करते हुए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई। लगातार प्रयास और सक्रियता के चलते पुलिस ने तीनों छात्राओं को गदागंज थाना क्षेत्र से महज दो घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया।
तीनों बच्चियों की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलते ही उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ ही भदोखर थाना पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
इस घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय रहते सक्रियता और बेहतर पुलिसिंग से गंभीर परिस्थितियों में भी सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। फिलहाल बच्चियों की सकुशल बरामदगी से परिजनों और विद्यालय प्रशासन ने राहत महसूस की है।










