सांसद ढुलू महतो की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई दिशा की बैठक

रिपोर्ट : अविनाश कुमार

सांसद धनबाद ढुलू महतो की अध्यक्षता में आज समाहरणालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बैठक के दौरान पूर्व में हुई बैठक के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

वहीं बैठक के समापन से पूर्व सांसद ने कहा कि जिले के नए उपायुक्त के साथ नई उम्मीद से दिशा की बैठक संपन्न हुई है। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रतिवेदनों की जांच पड़ताल करते हुए उचित कर्रवाई करें, जो नए प्रस्ताव आए हैं उसका निष्पादन समय पर करें।

WhatsApp Image 2025 06 18 at 10.30.03 PM 1

सांसद ने कहा कि धनबाद में लंबे समय से एयरपोर्ट की मांग उठाई जा रही है। धनबाद एक महत्वपूर्ण जिला है। एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में सभी को सहयोग करना चाहिए। इसके लिए कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन से बात की है। सरकार एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहित करती है तो उन्होंने सीआईएल द्वारा जमीन का मूल्य देने का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कोयला खनन के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और डीजीएमएस से वार्ता कर ब्लास्टिंग का मापदंड तय करने, पाइपलाइन एवं सड़क को क्षतिग्रस्त करने वाली आउटसोर्सिंग कंपनियों तथा जलापूर्ति योजना को समय पर पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई करने को कहा।

विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो ने बिनोद बिहारी चौक तथा नावाडीह में हो रहे जल-जमाव को दूर करने, अधूरी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने को कहा।

WhatsApp Image 2025 06 18 at 10.30.04 PM

विधायक धनबाद राज सिन्हा ने एसीबी जांच के कारण शहरी क्षेत्र में लंबित 35 सड़क योजनाओं के लिए एसीबी क्लियरेंस लेकर समाधान निकालने, केंदुआ पुल के पास जर्जर सड़क की मरम्मत करने, रानी बांध के पास जलजमाव का समाधान करने, हैवी ब्लास्टिंग के कारण होने वाली क्षति के लिए एफआईआर दर्ज कर डीजीएमएस को भी पार्टी बनाने, बिरसा मुंडा चौक से जोड़ा फाटक रोड का चौड़ीकरण करने, रेलवे एवं बीसीसीएल को सार्वजनिक रास्ता एवं नाली बंद नहीं करने को कहा। साथ ही करकेंद अर्बन हेल्थ सेंटर में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने का आग्रह किया।

वहीं विधायक निरसा अरुप चटर्जी ने जलापूर्ति जैसी महत्वपूर्ण योजना में अप्रत्याशित विलंब करने के कारण श्रीराम ईपीसी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे ब्लैकलिस्ट करने को कहा। साथ ही आदिवासी पेंशन एवं सम्मान राशि शुरू करने, जल जीवन मिशन के तहत बंद पड़ी पानी टंकियों को शुरू करने तथा पाण्ड्रा बेजरा को निरसा प्रखंड में जोड़ने तथा निरसा सीएचसी की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।

विधायक बाघमारा शत्रुघ्न महतो ने गौशाला पुल के पास जल जमाव को दूर करने, लिलोरी स्थान, बुढ़ा मंदिर एवं रामराज मंदिर में सुविधाएं बढ़ाने, टुंडू प्लस टू विद्यालय को उत्क्रमित करने तथा बाघमारा फेज 1 एवं फेज 2 जलापूर्ति योजना में विलंब के कारण संवेदक पर कार्रवाई करने को कहा।

विधायक सिंदरी चंद्रदेव महतो ने ढोखरा को बलियापुर में समायोजित करने का प्रस्ताव दिया। साथ ही बलियापुर में नया सब स्टेशन बनाने, बलियापुर धनबाद रोड तथा भुदा से मुकुंदा तक सड़क बनाने का सुझाव दिया।

विधायक झरिया रागिनी सिंह ने जर्जर अंचल कार्यालय का जीर्णोद्धार करने, पानी की समस्या दूर करने, आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा धनी आबादी में ओवर बर्डन गिराने और नियम विरुद्ध ब्लास्टिंग करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने झरिया में भारी वाहनों के लिए रूट एवं समय सारणी निर्धारित करने का अनुरोध किया।

वहीं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा की दिशा की अगली बैठक से पहले सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कर लिया जाएगा। उन्होंने करकेंद अर्बन हेल्थ सेंटर में शीघ्र अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने तथा निरसा सीएचसी की जांच करने का निर्देश दिया, साथ ही जलापूर्ति जैसी महत्वपूर्ण योजना में अप्रत्याशित विलंब करने के कारण संवेदक को ब्लैक लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया।

बैठक से पूर्व उपायुक्त ने सांसद धनबाद का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। जबकि ग्रामीण एसपी ने सांसद गिरिडीह, उप विकास आयुक्त ने विधायक टुंडी, नगर आयुक्त ने विधायक धनबाद, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने विधायक बाघमारा, सिटी एसपी ने विधायक सिंदरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी ने विधायक निरसा, एडीएम सप्लाई ने विधायक झरिया, निदेशक डीआरडीए ने जिला परिषद अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में सांसद गिरिडीह चंद्र प्रकाश चौधरी, जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पियूष सिन्हा, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड प्रमुख के अलावा सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Other Latest News

Leave a Comment