आदिवासी अधिकार मंच के बैनर तले रांची के दलादली चौक पर स्थानीय लोग उतरे सड़क पर, शराब दुकान खोलने का किया विरोध
रातू प्रखंड अंतर्गत रिंग रोड दलादली चौक पर विदेशी शराब दुकान को पुनः खोलने के विरोध में शनिवार देर शाम स्थानीय लोगों ने विशाल मसाल जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोग शराब दुकान खुलने के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। मसाल जुलूस में शामिल लोग प्रशासन तथा झारखंड सरकार से इस मुख्य चौक पर शराब दुकान नहीं खोलने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे से 500 मीटर की दूरी पर किनारे हटकर शराब की दुकान खोली जाए। अति व्यस्त इस चौक पर शराब की दुकान होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग यहां खुलेआम बैठकर शराब का सेवन करते हैं, एवं लोगों को रेकी भी करते हैं, साथ ही उक्त मार्ग से आने-जाने वाले महिलाएं, छात्राएं को भी को बुरी नजर से देखते हैं। विगत वर्ष माकपा के वरिष्ठ नेता सुभाष मुंडा की हत्या इसी चौक पर अपराधियों ने कर दी थी। इस घटना से गुस्साए लोगों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। तब से यह शराब दुकान बंद थी। किंतु, अब पुनः शराब दुकान खोले जाने से स्थानीय लोगों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।


पूर्व प्रखंड प्रमुख सुरेश मुंडा, नगडी प्रखंड प्रमुख मधुवा कच्छप, राष्ट्र सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, समाजसेवी अभिषेक मिश्रा रामभरोस महतो, सुधीर महतो, अजय राय, बालू भगत, रामाशीष शर्मा, अशोक दुबे, बिरसू मुंडा, रितेश सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि स्थानीय लोग किसी भी कीमत पर दलादली चौक पर शराब दुकान नहीं खुलने देंगे। उन्होंने कहा कि चौक घनी आबादी वाला है और यहां कई स्कूल कॉलेज, हॉस्पिटल, मंदिर, बैंक्विट हॉल के साथ भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का पास में ही अपना फार्म हाउस स्थित है। प्रतिदिन 700 सात ,800 आठ सौ से अधिक बच्चे इसी रास्ते से अपने तथा अपने अभिभावक (माता-पिता) के साथ आते जाते हैं। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, और बच्चों सहित मोहल्ले की शांति व्यवस्था पर खतरा उत्पन्न होने का हमेशा अंदेशा बना रहेगा।

उन्होंने कहा कि हमलोग जिला प्रशासन तथा झारखंड सरकार से आग्रह करते हैं कि शराब दुकान को दलादली चौक के बजाय किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर खुलवाया जाए, ताकि मोहल्ले की शैक्षणिक, धार्मिक और सामाजिक वातावरण सुरक्षित रह सके। कहा कि दो दिन पूर्व “जनवादी महिला संघर्ष समिति” द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था ऐसे में यदि जबरन शराब दुकान दलादली चौक पर खोला गया, तो यह कार्यक्रम तो अभी चेतावनी की झांकी है, इससे भी बड़े आंदोलन किया जाएगा। जिसमे महिलाएं की महत्ती भूमिका होगी। इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ो की संख्या में लोग शामिल थे।










