ब्यूरो रिपोर्ट : वंश बहादुर सिंह
रायबरेली : चक्रवर्ती सम्राट अशोक और मौर्य समाज को सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव के जरिए गाली देने वाले हिस्ट्रीशीटर आशीष तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सलोन थाना क्षेत्र के मटका गांव का रहने वाला आशीष तिवारी लगातार लाइव वीडियो डालकर मौर्य समाज को निशाना बनाता था। उसकी इस हरकत से उत्तर प्रदेश में मौर्य समाज में भारी आक्रोश था। सम्राट अशोक मौर्य के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों से नाराज लोगों ने पूरे भारत और थाईलैंड तक में आशीष के खिलाफ शिकायतें दर्ज करने की मांग की थी।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग रायबरेली पहुंचे और आशीष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली नगर क्षेत्र के गोरा बाजार में धरना-प्रदर्शन किया। मौर्य समाज के लोगों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। आशीष तिवारी के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद मौर्य समाज ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के मुद्दे को फिर से उजागर कर दिया। पुलिस ने आशीष के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले की जांच जारी है।










