BTPS में निगम कर्मियों के बीच निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

पारदर्शिता समूह ने मारी बाजी, जागरूकता दूसरे और ईमानदारी समूह तीसरे स्थान पर रहा

बोकारो थर्मल: दामोदर घाटी निगम (DVC) के बोकारो ताप विद्युत केंद्र (BTPS) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत निगम कर्मियों के लिए निबंध लेखन एवं सतर्कता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विरसा मुंडा भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना सतर्कता अधिकारी उज्ज्वल विश्वास ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर अपने विचार रखे। इसके बाद ‘निवारक सतर्कता एवं सुशासन’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें निगम कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान आयोजन समिति के सदस्य दीनानाथ शर्मा, सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) एवं मो. शाहिद इकराम, सहायक ग्रेड-I ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।

निबंध प्रतियोगिता के बाद सतर्कता प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। इसके लिए प्रतिभागियों को लॉटरी के माध्यम से पांच-पांच सदस्यों वाले छह समूहों में बांटा गया। समूहों के नाम सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, पारदर्शिता, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जागरूकता रखे गए थे। प्रतियोगिता दो चरणों में हुई। सामान्य चक्र में प्रत्येक समूह से सतर्कता जागरूकता से जुड़े पांच प्रश्न पूछे गए, जबकि रैपिड फायर राउंड में एक मिनट के भीतर दस प्रश्नों के जवाब देने की चुनौती दी गई।

कड़े मुकाबले के बाद पारदर्शिता समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया। जागरूकता समूह दूसरे और ईमानदारी समूह तीसरे स्थान पर रहा। प्रश्नोत्तरी में दीनानाथ शर्मा ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई, जबकि मो. शाहिद इकराम ने स्कोरर का दायित्व संभाला। परियोजना सतर्कता अधिकारी उज्ज्वल विश्वास ने पूरे आयोजन की निगरानी की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही। प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मियों को भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता अपनाने तथा सुशासन के मूल्यों को व्यवहार में उतारने का संदेश दिया गया।

Other Latest News

Leave a Comment