रायबरेली जिले के भदोखर थानाक्षेत्र में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में रोड किनारे शव पाया गया था, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। लेकिन पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। जिस पर मुकदमा न दर्ज किए जाने को लेकर एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
बताते चलें कि थाना क्षेत्र के गदियान गांव में बीते 6 सितंबर को सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिले एक युवक के शव की पहचान होने के बाद पीड़ित पिता ने बेटे श्याम बाबू उम्र 28 वर्ष निवासी गदियानी मजरे सरायं दामू की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। पीड़ित पिता ने अपने बयान में संबंधित थाना पुलिस पर सुनवाई न करने और न्याय में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मृतक श्याम बाबू के पिता ने तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी और बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने बताया कि बेटे का शव चोटों के निशान सहित मिला था, जो प्राकृतिक मौत या दुर्घटना का संकेत नहीं देता। पिता का आरोप है कि घटना के पीछे किसी षड्यंत्र की आशंका है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो किया, लेकिन पीड़ित परिवार के अनुसार, यह औपचारिकता मात्र है। जांच में प्रगति न होने से पीड़ित पिता लगातार न्याय की गुहार लगा रहा हैं। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा बेकसूर था। पुलिस मेरी तहरीर पर कोई ध्यान नहीं दे रही, इसलिए मैं एसपी महोदय के पास आया हूं। मैं पिछले 11 दिनों से भदोखर थाने के चक्कर काट रहा हूं। हर बार वही जवाब मिलता है कि जांच चल रही है। लेकिन कोई ठोस सबूत या आरोपी की पहचान नहीं हो पाई। मेरा बेटा श्याम बाबू एक साधारण युवक था,मैं न्याय की मांग करता हूं और हत्यारों को सजा दिलाने के लिए तैयार हूं।”पीड़ित ने आगे बताया कि श्याम बाबू गांव में ही रहकर छोटे-मोटे काम करता था और परिवार का सहारा था। घटना वाले दिन वह घर से निकला था, लेकिन रात तक लौट न पाया। अगले दिन सुबह सड़क किनारे उसका शव मिला, उन्होंने एसपी से अपील की है।










