Ramgarh: रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड की सोनडीहा पंचायत अंतर्गत भदवा की बैंकर मुस्लिम बस्ती में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस्ती के बीच से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक जमीन पर आ गिरा। तार के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि उस समय कुछ बच्चे घर के आसपास खेल रहे थे, जो बिजली के तार की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरी बस्ती में डर का माहौल बना हुआ है।
तार गिरने के आधे घंटे बाद कटी बिजली

पीड़ित परिवार के संजूम मारा ने बताया कि बिजली का तार जमीन पर गिरने के बाद काफी देर तक बिजली लाइन चालू रही। परिवार और स्थानीय लोगों ने संबंधित बिजली कर्मियों तथा कनीय विद्युत अभियंता, कुजू को फोन कर घटना की जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन तत्काल फोन नहीं उठाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक करीब आधे घंटे बाद बिजली लाइन बंद की जा सकी। इस दौरान लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर लगा रहा।
घर के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार
ग्रामीण मिराज खान ने बताया कि बस्ती में कई घरों के ऊपर से करीब 5 से 6 मीटर की ऊंचाई पर 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही है। उनका कहना है कि बिजली का पोल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है तथा धीरे-धीरे घरों की ओर झुक रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी यहां बिजली तार से जुड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
आवेदन देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार हाईटेंशन लाइन को बस्ती से हटाने और जर्जर पोल को बदलने की मांग को लेकर स्थानीय विधायक, कनीय विद्युत अभियंता कुजू और विद्युत सहायक अभियंता रामगढ़ को कई बार आवेदन दिया जा चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। रविवार की घटना के बाद लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी गई।
बिजली उपकरण जलने का भी दावा
हादसे के दौरान कई घरों में लगे बिजली के तार और घरेलू उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक टीवी, कूलर, फ्रिज समेत कई अन्य सामान जल गए। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने घटना में घायल बच्चों और अन्य पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

जांच और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जर्जर पोल और हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित किया जाता तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बस्ती के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
मौके पर नहीं पहुंची बिजली विभाग की टीम
ग्रामीणों के मुताबिक खबर लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की कोई टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। ऐसे में बस्ती के लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि जर्जर बिजली लाइन को कब तक सुरक्षित किया जाएगा। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।










