रायबरेली शहर के शहीद चौक पर रविवार, 27 सितंबर 2026 को समय करीब 4:00 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के शहीद चौक पर रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब जस्टिस मोर्चा से जुड़े छात्रों की साइकिल यात्रा पहुंची। यात्रा के दौरान छात्रों द्वारा कथित तौर पर भाजपा के विरोध में नारेबाजी किए जाने को लेकर भाजपा नेताओं और छात्रों के बीच आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते मौके पर नारेबाजी और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि जस्टिस मोर्चा के छात्र साइकिल यात्रा के माध्यम से शहीद चौक पहुंचे थे। यहां यात्रा के दौरान छात्रों की ओर से नारे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं ने विरोध जताया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद माहौल गरमा गया और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में भी कुछ समय तक नारेबाजी और विरोध चलता रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लोगों को मौके से हटाया और माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

शहीद चौक जैसे व्यस्त इलाके में अचानक हुए हंगामे से आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में भी हलचल मच गई। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल नारेबाजी को लेकर हुए इस विवाद के बाद मौके पर पुलिस की मौजूदगी बनी रही। मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्या शिकायत दी गई है और पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी पुलिस स्तर से स्पष्ट नहीं हो सकी है।










