रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे ओवरब्रिज के नीचे बड़ा घोसियाना की मुख्य सड़क इन दिनों अतिक्रमण और सीवर कार्य के चलते लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्थानीय निवासी कल्लू मजीद, राहुल सिंह, सोनू सिंह सहित अन्य राहगीरों का आरोप है कि सड़क के किनारे कई वर्षों से कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इसके चलते सड़क की चौड़ाई लगातार सिमटती जा रही है और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दूसरी ओर नगर पालिका की ओर से सीवर का कार्य भी कराया जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे खोदे जाने के कारण पहले से ही आवागमन प्रभावित है। इसके बावजूद सड़क के आसपास ट्रक, चार पहिया वाहन, मवेशी और गुमटियां खड़ी कर रास्ते पर कब्जा किया जा रहा है।

राहगीरों का कहना है कि जब आसपास खड़े वाहनों अथवा अन्य सामान को हटाने के लिए कहा जाता है तो कथित कब्जाधारक विवाद पर उतारू हो जाते हैं। आरोप है कि विरोध करने वालों के साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की नौबत आ जाती है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर सड़क से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए। साथ ही सीवर कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढों को सुरक्षित तरीके से बैरिकेडिंग कराकर आवागमन को सुचारू कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने स्पष्ट किया कि सड़क सार्वजनिक आवागमन का मार्ग है और इसे अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि शिकायतों के बाद प्रशासन और नगर पालिका इस समस्या पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करते हैं।










