बीजेपी विधायक अशोक कोरी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारी के खिलाफ उठाई आवाज, दी इस्तीफे की धमकी

बीजेपी विधायक ने अधिकारी के सामने आखिर क्यों जोड़े हाथ?

रायबरेली : सलोन विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अशोक कोरी ने लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता प्रथम संजू कुमारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने लखनऊ से आए मुख्य अभियंता विकास एवं विभागाध्यक्ष ए.के. द्विवेदी के सामने हाथ जोड़कर संजू कुमारी को पद से हटाने की गुहार लगाई। इतना ही नहीं, अशोक कोरी ने यह तक कह दिया कि यदि संजू को नहीं हटाया गया तो वह अपने विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे।

बताते चलें गुरुवार को सिविल लाइन स्थित पीडब्ल्यूडी ऑफिस में बैठक में विधायक अशोक ने पीडब्ल्यूडी की जेई संजू कुमारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग में अधिशासी अभियंता खण्ड प्रथम के पद पर तैनात संजू कर्मचारियों और ठेकेदारों पर अनुचित दबाव बनाती हैं, और कमीशन की मांग करती हैं। उनके इस व्यवहार से सलोन और ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विधायक ने दावा किया कि संजू की कार्यशैली से न केवल विभागीय कर्मचारी परेशान हैं, बल्कि क्षेत्र की जनता भी विकास कार्यों में देरी से त्रस्त है।

इसी मुद्दे को लेकर आज 25 सितंबर 2025 को पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों ने संजू कुमारी के खिलाफ में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने भी संजू पर भ्रष्टाचार और दबाव डालने के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संजू की कार्यशैली से विभाग में अराजकता का माहौल है। विधायक ने कहा कि संजू को यदि तुरंत हटा दिया जाए तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हो जाएगा। विधायक ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह विधायक पद से इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।

संजू कुमारी के खिलाफ विधायक और कर्मचारियों की यह बगावत पीडब्ल्यूडी विभाग में तनाव का माहौल पैदा कर रही है। सूत्रों के अनुसार, संजू कुमारी की कार्यशैली को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार विधायक अशोक कोरी के खुले विरोध और इस्तीफे की धमकी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

मुख्य अभियंता ए.के. द्विवेदी ने विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर कोई तत्काल टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही उच्च स्तरीय जांच शुरू हो सकती है। विधायक अशोक कोरी का यह कदम चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोगों का मानना है कि विधायक का यह रुख क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Other Latest News

Leave a Comment