Jamshedpur में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, बिंदल मॉल के पास गोली लगने से 3 युवक घायल

Jamshedpur Firing: सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास उडुपी रेस्टोरेंट में हुई वारदात, करीब 10 से 15 राउंड गोली चलने की सूचना से मचा हड़कंप; घायलों को TMH में कराया गया भर्ती

Jamshedpur Firing: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास अचानक गोलियां चलने लगीं। दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक सवार हमलावरों ने मॉल परिसर में स्थित उडुपी रेस्टोरेंट के पास बैठे कुछ युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

रेस्टोरेंट में बैठे युवकों को बनाया निशाना

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावर बाइक से मौके पर पहुंचे और रेस्टोरेंट में मौजूद युवकों की तरफ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में मॉल और आसपास के इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग सुरक्षित स्थानों की तरफ भागते नजर आए।

फायरिंग में चार युवकों के घायल होने की सूचना

घटना में दिलशाद, डोमिनिक सैमसन, रिजवान और कृष्णा चौधरी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घायल युवक मानगो, टेल्को और आदित्यपुर क्षेत्र से जुड़े हैं। गोली लगने के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

10 से 15 राउंड फायरिंग की चर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कुछ ही देर के भीतर लगातार गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की बात बताई है। हालांकि, फायरिंग में वास्तव में कितनी गोलियां चलीं और कितने हथियारों का इस्तेमाल हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वारदात के बाद बाइक से भाग निकले हमलावर

फायरिंग के बाद हमलावर बाइक से मौके से निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के इलाके में जानकारी जुटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ-साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है।

पुलिस जांच में जुटी, वजह का पता लगाना चुनौती

दिनदहाड़े मॉल के पास हुई गोलीबारी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि हमलावर कौन थे, उन्होंने युवकों को ही निशाना क्यों बनाया और वारदात के पीछे व्यक्तिगत विवाद, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।

Other Latest News

Leave a Comment