सहारनपुर (Saharanpur) पुलिस की नज़र इस बार उस गुप्त डिलीवरी चेन पर पड़ी, जो बिहार से लेकर देहरादून तक नशे का इंतज़ाम बन चुकी थी। वीरवार सुबह कोतवाली देहात पुलिस की टीम ने ढमोला नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान एक ऐसे युवक को पकड़ लिया, जिसने खुद को सिर्फ डिलीवरी बॉय बताया।
उसके बैग से 14 किलो 180 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब 1.60 लाख रुपये आंकी गई। कागज़ों में वह एक मामूली व्यक्ति है, लेकिन उसकी गिरफ़्तारी ने पुलिस को नशा कारोबार की उस कड़ी तक पहुंचा दिया जिसे अब तक सिर्फ अफ़वाह माना जा रहा था।

गिरफ्तार युवक पप्पू सहानी, दरभंगा (बिहार) के सिमरी क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने माना कि वह इस पूरे नेटवर्क का सिर्फ एक छोटा हिस्सा है, एक ऐसा हिस्सा जो हर डिलीवरी पर पांच हज़ार रुपये लेता है। उसका काम था बिहार से गांजा उठाना, ट्रेन से सहारनपुर पहुंचना और यहां से बस पकड़कर देहरादून में किसी ग्राहक तक माल पहुंचाना। पप्पू के पास यह भी जानकारी थी कि उसे देहरादून में माल किसे देना है और वह किसके इशारे पर यह काम कर रहा था। पुलिस टीम अब उसी बैकवर्ड और फ़ॉरवर्ड लिंक को खंगाल रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट के असली सरगना तक पहुंचा जा सके।










