Raebareli : स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन, इकाई रायबरेली द्वारा सिविल लाइंस चौराहा स्थित पुलिस बूथ के सामने जनहितकारी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मातृभूमि सेवा मिशन के 23वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत आमजन के लिए नि:शुल्क चाय एवं जलपान का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड के बीच मिशन कार्यकर्ताओं ने देर शाम तक राजगीरों, पैदल यात्रियों, ऑटो चालकों तथा बसों से आने-जाने वाले यात्रियों को चाय व जलपान उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा भाव से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच के साथ जिम्मेदार नागरिक निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। विशिष्ट अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने युवाओं से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
आयोजन मातृभूमि सेवा मिशन, धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से संबद्ध अध्यात्म-प्रेरित सेवा संस्थान की रायबरेली इकाई द्वारा किया गया, जिसमें इकाई संयोजक प्रदीप पांडेय सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, इकाई के कार्यकर्ता के अलावा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं पत्रकार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










