Municipal Elections 2026 : स्वच्छ, सुरक्षित और स्मार्ट रांची मेरा संकल्प : राजेंद्र मुंडा

Municipal Elections : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं राजधानी रांची में इस चुनाव को लेकर प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, और चुनाव में अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैँ। इसी कड़ी में रांची नगर निगम के महापौर उम्मीदवार राजेंद्र मुंडा ने रविवार को रांची के कचहरी रोड स्थित होटल गंगा आश्रम में प्रेस वार्ता का आयोजन कर अपनी प्राथमिकता बताई और मीडिया के सभी सवालों का उत्तर दिया।

उन्होंने सबसे पहले महापौर का चुनाव क्यों लड़ रहे हैँ इस सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि केवल पद पाने के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने के लिए चुनाव लड़ रहा हूँ। रांची शहर आज पानी, सफाई, ट्रैफिक, बेरोजगारी, फुटपाथ अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। मेरा उद्देश्य इन समस्याओं का स्थापी, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान देना है ताकि हर वार्ड के नागरिक को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएँ मिल सकें। मैं मानता हूँ कि प्रशासन जनता के दरवाजे तक पहुँचे-यही मेरी राजनीति का मूल विचार है। उन्होंने कहा कि मेरी तीन प्राथमिकताएं होंगी

(1) स्वच्छ पेयजल और जलजमाव का स्थायी समाधान,
(2) सफाई एवं ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करना,
(3) ट्रैफिक जाम और पार्किंग का वैज्ञानिक समाधान।

इन तीनों पर पहले 100 दिनों में स्पष्ट रोडमैप, साप्ताहिक समीक्षा और जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनता को तुरंत राहत दिखाई दे।

छात्रों के लिए आपकी विशेष योजना को लेकर कहा कि में स्टूडेंट मोबिलिटी योजना के तहत स्कूल-कॉलेज रूट पर अलग बस सेवा शुरू करने का संकल्प लेता हूँ। इसमें रियायती स्मार्ट पास, सुरक्षित बस स्टॉप (शेड, लाइट, CCTV), महिला छात्रों के लिए सुरक्षित सीट और पीक-ऑवर स्पेशल रूट शामिल होंगे। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा, समय बचेगा और अभिभावकों का भरोसा बढ़ेगा।

उन्होंने बड़ी बात कहते हुए कहा कि जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी है मैं वादे नहीं काम करके दिखाने में विश्वास रखता हूं, स्वच्छ, सुरक्षित और स्मार्ट रांची मेरा संकल्प है।

Other Latest News

Leave a Comment