रायबरेली : जिले में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप (Cough Syrup) की बिक्री का मामला एक बार फिर सामने आया है। कफ सिरप (Cough Syrup) पीने के बाद एक मासूम बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे का इलाज अस्पताल के पीडियाट्रिक ICU में चल रहा है, जहां डॉक्टर उसकी स्थिति नाजुक बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के दुलारायपुर गांव निवासी एक मासूम इन दिनों अपने ननिहाल सतांव क्षेत्र के बनईमऊ गांव आया हुआ था। परिजनों के अनुसार बच्चे को खांसी की शिकायत होने पर सतांव क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर से कफ सिरप खरीदी गई थी। सिरप पिलाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए और तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीडियाट्रिक ICU में भर्ती कर लिया। बच्चे के नाना लल्लू के मुताबिक शनिवार की रात उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग आठ घंटे तक चले इलाज के बाद बच्चे को होश आया, हालांकि डॉक्टर अभी भी उसकी हालत को नाजुक बता रहे हैं और निगरानी में रखे हुए हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे को दी गई कफ सिरप में कोडीन की मात्रा हो सकती है। गौरतलब है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप की बिक्री पर रोक के बावजूद जिले में कई जगहों पर खुलेआम इसकी बिक्री की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर जिले में प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री पर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि समय रहते ऐसी दवाओं की बिक्री पर सख्ती नहीं की गई तो इससे आम लोगों, खासकर बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरा बना रह सकता है। प्रशासन और औषधि विभाग को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की आवश्यकता है।










