चंदौसी में व्यापारियों की पहल; बिजली पानी व्यवस्था के संबंध में उप जिला अधिकारी को सौपा ज्ञापन

नवरात्र और ईद को लेकर व्यापारियों में चिंता, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

चंदौसी में आगामी त्योहारों को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन का ध्यान जरूरी व्यवस्थाओं की ओर आकर्षित किया है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई का एक प्रतिनिधि मंडल तहसील पहुंचा और उप जिला अधिकारी आशुतोष तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर में त्योहारों के दौरान होने वाली समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और एक मांग पत्र सौंपा।

नवरात्र और ईद को लेकर बढ़ी चिंता

व्यापारियों ने बताया कि 19 मार्च से नवरात्र शुरू हो रहे हैं, जबकि 20 मार्च को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में नगर में भीड़ और गतिविधियां बढ़ना तय है। इसे देखते हुए मंदिरों और मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की गई, ताकि श्रद्धालुओं और नमाजियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

पानी और बिजली आपूर्ति पर जोर

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि त्योहारों के दौरान पानी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहती है। इसलिए जलापूर्ति का समय बढ़ाया जाए और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित करने की मांग की गई कि इन खास दिनों में बिजली कटौती न हो, जिससे पूजा-अर्चना और अन्य गतिविधियां बिना बाधा के संपन्न हो सकें।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की मांग

भीड़भाड़ को देखते हुए व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके अलावा बाजारों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए अस्थाई अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की भी अपील की गई।

प्रशासन पर जताया भरोसा

प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम से कहा कि उन्हें प्रशासन की कार्यशैली पर पूरा भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे नगरवासी अपने-अपने त्योहार शांति और उल्लास के साथ मना सकें। इस दौरान कई व्यापारी नेता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में बेहतर व्यवस्थाओं की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में शाह आलम (प्रदेश पदाधिकारी), सागर गुप्ता (युवा जिला अध्यक्ष), राजीव शर्मा, परवेज एडवोकेट, इरफान खान, सुफियान शमसी, मोहित सक्सेना, सचिन शर्मा, गौरव अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल थे।

Other Latest News

Leave a Comment